रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। सिकंदरपुर पुलिस ने लीलकर दियारे में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। क्राइम इंस्पेक्टर नरेश मलिक के नेतृत्व में टीम ने गन्ने के खेत में छिपी शराब फैक्ट्री का पता लगाया।
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में 1000 लीटर लहन नष्ट किया गया। यह इलाका बिहार की सीमा से सटा हुआ है। शराब बंदी वाले बिहार में तस्करी के लिए यहां कच्ची शराब बनाई जा रही थी। तस्कर इसे यूपी और बिहार में ऊंचे दामों पर बेच रहे थे।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्करों को सूचना मिल गई थी। वे शराब बनाने की सामग्री छोड़कर फरार हो गए। कार्रवाई में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। टीम में हेडकांस्टेबल दिनेश सिंह और कांस्टेबल आयुष सिंह भी शामिल थे।
सिसोटार न्याय पंचायत के लीलकर गांव का दियारा क्षेत्र अवैध शराब निर्माण का केंद्र बन गया था। तस्कर पकड़े न जाएं, इसलिए गन्ने के खेत में छिपकर शराब बना रहे थे।
