रिपोर्ट : बीके सिंह
लखीमपुर खीरी — आज दिनांक 8 जुलाई को शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री रियाज़ अहमद मोनू के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त शहर पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से पदभार सौंपा गया और संगठनात्मक शक्ति प्रदान की गई।
इस विशेष अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पधारे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक श्री सतीश अजमानी, कैप्टन मोनिस नकवी डॉ. पूर्वी वर्मा, डॉ. रवि शंकर त्रिवेदी, और पूर्व जिला अध्यक्ष श्री कोमल सिंह ने सभी नवगठित पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ व मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की विचारधारा और जनसेवा की भावना से ओतप्रोत होकर कार्य करने का संदेश दिया।
शहर अध्यक्ष श्री रियाज़ अहमद मोनू ने अपने संबोधन में कहा कि “कांग्रेस पार्टी की नीतियों एवं सिद्धांतों को घर-घर पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है। वर्तमान समय में जनता को लोकतंत्र के सच्चे मूल्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, जिसमें कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका अनिवार्य है।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि अत्यंत शीघ्र वार्ड स्तर पर संगठनात्मक कमेटियों का गठन किया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जहां सभी नवगठित पदाधिकारियों ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने की शपथ ली। पूरा आयोजन उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।


