रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र के करनई गांव में सोमवार को स्थानीय लोगों ने यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर का पुतला फूंका। साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और महासचिव अरविंद राजभर की तस्वीरों वाले पार्टी के झंडे को जला दिया।
घटना की जड़ में 8 जुलाई को सुबह 7 बजे करनई गांव में हुई एक मौत है। गांव के एक बगीचे में 33 वर्षीय पिंटू राजभर का शव अमरूद के पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। मृतक के परिजनों ने आत्महत्या की बात को नकारते हुए हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के परिवार से कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर या उनके किसी प्रतिनिधि ने मुलाकात नहीं की। न ही घटना की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया। महासचिव अरविंद राजभर ने दो बार करनई आने का वादा किया। सोमवार को भी उनके आने की बात थी। लेकिन वह नहीं पहुंचे।
इससे नाराज होकर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। यह विरोध प्रदर्शन पार्टी नेताओं द्वारा मृतक के परिवार की उपेक्षा के कारण किया गया।
