जनपद लखीमपुर खीरी के पशु प्रजनन प्रक्षेत्र अंदेश नगर में फैला तेंदुए से दहशत का माहौल
रिपोर्ट : बीके सिंह
लखीमपुर खीरी। केन्द्रीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र, अन्देश नगर में रविवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कर्मचारियों के आवास क्षेत्र के पास एक तेंदुआ दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ एक नीलगाय का शिकार कर पास के पेड़ पर उसे खा रहा था, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय कर्मचारियों ने बताया कि यह पहला मौका नहीं है जब तेंदुआ परिसर में नजर आया हो। इससे पहले भी तेंदुए की उपस्थिति दर्ज की जा चुकी है और वह कई जंगली जानवरों का शिकार कर चुका है। बावजूद इसके वन विभाग की ओर से कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
कर्मचारियों का कहना है कि तेंदुए की लगातार बढ़ती गतिविधियों को लेकर कई बार क्षेत्रीय वन अधिकारी को सूचित किया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। अब तेंदुआ बस्तियों के बेहद करीब पहुंच चुका है जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि तेंदुए पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाए जाएंगे और यदि आवश्यक हुआ तो पिंजरा भी लगाया जाएगा। एक विशेष टीम गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि त्वरित और ठोस कार्रवाई की जाए, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


