रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के सीयर विकास खंड में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं हुई है। मालीपुर-भीमपुरा नहर मार्ग समेत कई ग्राम पंचायतों में पिछले साल पानी की टंकी से घर-घर कनेक्शन के लिए सड़कें खोदी गई थीं।
काम पूरा होने के बाद ठेकेदार बिना मरम्मत कराए चला गया। लाखों रुपये की लागत से बनी सीसी और पीच सड़कें बारिश में गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। सड़कों पर जलभराव और कीचड़ से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है।
स्कूली बच्चों और राहगीरों को इससे सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साइकिल और बाइक सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं। सुपापाली के सुदामा प्रसाद, खन्दवा के राजेश शर्मा, मालीपुर के दुकानदार पिन्टू गुप्ता, परतीपर के बीरबहादुर प्रसाद समेत क्षेत्र के कई लोगों ने सड़क की स्थिति पर नाराजगी जताई है।
स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बरसात में हो रही परेशानियों से बचने के लिए सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी दी है।


