रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मधुबन थाना क्षेत्र में एक युवक पर नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। आरोपी राज गुप्ता पीड़िता का पड़ोसी है। पीड़िता के पिता का कहना है कि आरोपी उनकी बेटी को लगातार परेशान कर रहा था।
वह फोन पर धमकी देता था कि अगर उनकी बेटी उससे बात नहीं करेगी तो वह उसके भाई और पिता को जान से मार देगा। आरोपी ने इंटरनेट पर बदनाम करने की धमकी भी दी। 8 जुलाई की सुबह आरोपी ने एक काली पॉलीथीन में मोबाइल छत पर फेंका। उसने पीड़िता के व्हाट्सएप पर अश्लील संदेश भी भेजे।
पीड़िता ने अपने पिता को बताया कि आरोपी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल कर रहा है। पहले स्थानीय पुलिस ने आरोपी को शांति भंग में चालान किया था। जमानत मिलने के बाद वह फिर से धमकियां देने लगा। पीड़िता के पिता ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


