रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के सिकंदरपुर चौराहे से सिवान कला जाने वाली मुख्य सड़क पर सोमवार को एक बड़ी घटना हुई। सन राइज स्कूल के पास एक पुराना पेड़ अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। घटना के समय वहां से गुजर रहे एक खाली ई-रिक्शा पर पेड़ गिर गया।
ई-रिक्शा चालक ने समय रहते खतरा भांप लिया। वह तुरंत कूद गया और अपनी जान बचा ली। हालांकि ई-रिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पेड़ गिरने से बिजली का पोल और तार भी टूट गए। इससे आसपास के क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने पेड़ हटाने के लिए जेसीबी मशीन मंगवाई। विद्युत विभाग को बिजली के तार और पोल की मरम्मत के लिए सूचित किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार यह पेड़ काफी पुराना और जर्जर था। इसकी शिकायत कई बार की गई थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब प्रशासन सड़क से पेड़ हटाने और यातायात सामान्य करने का काम कर रहा है।


