रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ जनपद के रतनपुरा स्थित तमसा नदी पर बना पीपा पुल सितंबर तक के लिए हटा दिया गया है। यह पुल मऊ, बलिया और गाजीपुर जनपदों को जोड़ने का काम करता है। पिछले दो साल से यह पीपा पुल कार्यरत था। बरसात के मौसम में ठेकेदार इसे हटा लेता है। इससे तीनों जनपदों का आपसी संपर्क टूट जाता है। सबसे अधिक समस्या रतनपुरा विकासखंड के कोन्हिया गांव के लोगों को हो रही है। उन्हें अब नाव से नदी पार करनी पड़ रही है। कासिमाबाद विकासखंड के पाली ग्राम पंचायत के लोगों को भी रतनपुरा मऊ आने-जाने में कठिनाई हो रही है।
ठेचा ग्राम पंचायत से मात्र आधा किलोमीटर की दूरी पर बलिया जनपद की सीमा है। यहां के लोग भी इस पुल का उपयोग करते थे। अक्टूबर में पुल को दोबारा लगाया जाएगा। तब तक स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
