रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार शाम नौरंगा भुसौला ग्राम पंचायत के चक्की नौरंगा का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ और कटान से हो रहे नुकसान का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता संजय मिश्रा को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। चक्की नौरंगा में तत्काल कार्य शुरू करने का आदेश दिया। बाढ़ विभाग के कर्मचारियों ने पेड़ों की टहनियां और झाड़ियां हटाकर नुकसान रोकने का काम शुरू कर दिया।
डीएम ने 24 घंटे एक जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर की तैनाती का आदेश दिया। अधिकारियों को मौके पर रहकर बाढ़ बचाव की समस्याओं का समाधान करना होगा। दुबेछपरा और नौरंगा भुवाल छपरा में अगले वर्ष के लिए स्थायी निर्माण का प्रोजेक्ट तैयार करने को कहा।
उपजिलाधिकारी बैरिया को लेखपाल और कानूनगो की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बाढ़ के दौरान मनुष्यों और पशुओं के लिए चिकित्सकों की व्यवस्था करने को कहा। संभावित बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की योजना बनाने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि फेकू बाबा स्थान को पहले ही चिह्नित कर लिया गया है। वहां लेखपाल, एएनएम और चिकित्सक तैनात किए गए हैं। पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने नौरंगा भुवाल छपरा के ग्रामीणों की समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
