रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने शुक्रवार को सीएम डैशबोर्ड पर जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कृषि पट्टाधारकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय मानकों के अनुसार वृक्षारोपण नहीं किया गया, तो उनके पट्टे निरस्त कर दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने राजस्व कर्मियों को ग्राम स्तर पर वृक्षारोपण की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए और कहा कि रिपोर्ट न देने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई। पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना में जिले को D ग्रेड मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित कनेक्शन लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसी तरह जल जीवन मिशन में C ग्रेड मिलने पर जल निगम के अधिशासी अभियंता को कार्य में तेजी लाने और श्रमिकों की संख्या बढ़ाने को कहा गया। फैमिली आईडी योजना में B ग्रेड मिलने पर नगर पालिका समेत संबंधित विभागों को प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने पंचायती राज विभाग को 15वें वित्त आयोग और 5वें राज्य वित्त आयोग की धनराशि के उपयोग के लिए कार्य योजना तैयार करने को कहा। निराश्रित गौ संरक्षण योजना की समीक्षा करते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को सभी गौ आश्रय स्थलों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर इन स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग कराने और सभी पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित कराने को कहा। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के गौ आश्रय स्थलों पर CCTV कैमरे लगाने और कंट्रोल रूम स्थापित करने के भी निर्देश जिलाधिकारी ने दिए।
बैठक में उद्यान, ऊर्जा, कृषि, ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, दिव्यांग जन सशक्तिकरण, प्राथमिक शिक्षा, मत्स्य, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, श्रम, सेवायोजन, सिंचाई और समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को A ग्रेड मिला। जिलाधिकारी ने ऐसे विभागों को जिनकी योजनाओं में B या C ग्रेड प्राप्त हुए हैं, विशेष प्रयास कर प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय, जिला उद्यान अधिकारी संदीप गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता, परियोजना निदेशक रामबाबू त्रिपाठी सहित जनपद स्तरीय अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


