रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ जिले में तीन युवकों के साथ नौकरी के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी मसरूर खान ने खुद को आर्मी का पूर्व मेजर बताकर युवकों को नौकरी का झांसा दिया। मसरूर खान ने अपने दो साथियों अबरार खान और शमशाद खान के साथ मिलकर यह वारदात की।
पीड़ित शैलेश चौहान ने बताया कि उन्होंने आर्मी में क्लर्क की नौकरी के लिए मसरूर खान को 1.95 लाख रुपए दिए। वाराणसी में यह लेन-देन हुआ। आरोपियों ने उन्हें एक ज्वाइनिंग लेटर भी दिया और नौकरी पर ले जाने का वादा किया। जब पीड़ित आरोपी के घर गए तो वह फरार मिले। बाद में ऑफर लेटर की जांच में पता चला कि वह फर्जी था।
इसी तरह त्रिनेत्र चौहान को बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर बनाने के नाम पर 80 हजार रुपए और सुनील चौहान से 1.05 लाख रुपए ठगे गए। तीनों पीड़ित युवक थाना घोसी कोतवाली क्षेत्र के भटौली वैश्य गांव के रहने वाले हैं। आरोपी मसरूर खान नदवा खास का निवासी है।
पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक इलामारन से मिलकर शिकायत की है। उन्होंने बताया कि जब वे अपने पैसे वापस मांगने गए तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपने पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई है।




