समस्त ज्ञात- अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन, स्वतंत्रता को बचाए रखना बताया जरूरी
मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। 79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र ने जिला अधिकारी कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभागार में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी में अपने संबोधन के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए स्वतंत्रता को बचाए रखना भी जरूरी बताया। उन्होंने समस्त स्वतंत्रता सेनानियों, जिन्होंने अपने देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने के साथ ही अपने नाम का भी बलिदान किया। उन्होंने वहां पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने आसपास के हीरो से प्रेरणा लेकर कार्य करने को कहा, जिससे समाज एवं देश के हित में कार्य हो सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर लोक सेवक निष्ठा पूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं तो उसके दूरगामी परिणाम होंगे और लोक सेवकों के कार्यों की छाप भी पड़ेगी। उन्होंने उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से श्रेष्ठ प्राप्ति हेतु निरंत प्रयास करने को कहा, जिससे अवश्य ही बेहतर परिणाम मिले। जिलाधिकारी ने अपने कार्यों में जाति एवं संप्रदायवाद से ऊपर उठकर कार्य करने का संकल्प करने तथा देश को विकास के पथ पर आगे ले जाने हेतु प्रेरित भी किया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी ने सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए आत्म विश्लेषण करने तथा देश को आगे बढ़ाने हेतु कार्य करने की अपील की। विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों से अपने पदीय दायित्वों को निभाने को कहा तथा मूल उद्देश्य से न भटकते हुए राष्ट्र की एकता हेतु कार्य करने को कहा, जिससे देश प्रगति के पथ पर अग्रसर हो सके। जिला अधिकारी ने छात्राओं को पुरस्कृत भी किया।इस अवसर पर ई डिस्टिक मैनेजर आशीष मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।

