पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने जलापूर्ति को सुचारु बनाने के लिये नगर के कई वार्डों में होने वाले कार्यों का किया निरीक्षण, शिलान्यास एवं लोकार्पण
मुरली मनोहर पांडेय
मऊनाथ भंजन। कल पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने नगर के कई वार्डों में संयुक्त रूप से लगभग 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण एवं निरीक्षण किया। जिन में से वार्ड नंबर 25 बड़ी कम्हरिया अहमद नगर में 8.45 लाख रुपये की लागत से 7.5 एच.पी. सबमर्सिबुल पम्प बोरिंग कार्य, वार्ड नंबर 28 हठ्ठीमदारी में मिल्लत नर्सरी स्कूल के पास 20 एच.पी. नलकूप बोरिंग कार्य 31 लाख, वार्ड नंबर 39 मलिकताहिर पुरा में डाक्टर अंसारी के पीछे 8.45 लाख रुपये की लागत से 7.5 एच.पी. सबमर्सिबुल पम्प बोरिंग कार्य, वार्ड नंबर 42 के कादीपुरा में 8.45 लाख रुपये की लागत 7.5 एच.पी. नलकूप अधिष्ठान कार्य, वार्ड नंबर 43 डोमनपुरा पूर्वी के फैजी़ गेट के पास 4.34 लाख रुपये की लागत से वाटर कूलर अधिष्ठापन कार्य, वार्ड नंबर 44 मिर्जाहादीपुरा के जमालपुरा/विश्वनाथ पुरा में 8.45 लाख रुपये की लागत से 7.5 एच.पी. नलकूप अधिष्ठान कार्य, वार्ड नंबर 45 रघुनाथ पुरा के कल्याण सागर में 13 लाख रुपये की लागत से 1 अदद 10 एच.पी. नलकूप अधिष्ठापन कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अध्यक्ष नगरपालिका ने कई क्षेत्रों में होने वाले कार्याें का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने बताया कि नगर की जलापूर्ति व्यवस्था को बहुत तेजी से दुरुस्त किया जा रहा है। इसी क्रम में लगभग 83 लाख रुपये की लागत से नलकूप एवं सबमर्सिबुल पम्प नगरवासियों को अर्पित किये गये हैं, जिनके चालू होने से इलाके के लोगों को भी पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध रहेगा एवं आस-पास के क्षेत्र भी पेयजल से सैराब होंगे।
श्री जमाल ने बताया कि पूरे नगर में सुचारु जलापूर्ति के लिये पाइप लाइनें भी बिछाई जा रही हैं। नगर पालिका अपने लक्ष्य को जल्द ही पूरा कर लेगा। नगरवासियों के हितों को दृष्टिगत रखते हुये आगामी 20 वर्षों तक मऊ नगर को पर्याप्त जलापूर्ति होती रहे जैसे लक्ष्य पर काम जारी है। इस संदर्भ में मेरे द्वारा जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की जा रही है ताकि लक्ष्य के सापेक्ष कार्यों की स्थिति का अंदाजा होता रहे।
इस अवसर पर वार्ड सभासद अशोक कुमार भारद्वाज, मोहम्मद कमाल, शफीकुररहमान पहलवान, नौशाद अहमद, मोहम्मद आरिफ, जावेद यार्न, सरफराज अहमद एवं समस्त सम्बन्धित वार्डों की सम्मानित जनता मौजूद रही।




