रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ जिले के बड़रांव ब्लॉक के पीड़उथ सिंहपुर की ग्राम प्रधान सुशीला देवी ने ग्राम विकास अधिकारी संतोष कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा को शिकायत पत्र सौंपा है। सुशीला देवी का आरोप है कि सेक्रेटरी उनसे साइन कराए बिना ही पैसे निकाल रहे हैं।
उन्हें न तो मीटिंग में शामिल किया जाता है और न ही कोई जानकारी दी जाती है। उन्होंने बताया कि सेक्रेटरी ने उनकी जमीन से नलकूप उखड़वाकर दूसरी जगह लगवा दिया। ग्राम प्रधान के बेटे राहुल कुमार ने कहा कि मनरेगा के तहत हुए कार्यों की कोई जानकारी नहीं दी गई।
सेक्रेटरी ने सारा पैसा अपने स्तर पर निकाल लिया। खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि ग्राम प्रधान ने हलफनामा देकर शिकायत की है। जिलाधिकारी जांच टीम गठित करेंगे। उन्होंने सेक्रेटरी को जांच पूरी होने तक कोई भुगतान न करने के निर्देश दिए हैं।




