मर्डर के बाद सिर काटता थाः आजमगढ़ में STF ने एनकाउंटर में मार गिराया, 14 साल से फरार था
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
आजमगढ़ में एक लाख के इनामी कुख्यात बदमाश शंकर कन्नौजिया को STF ने एनकाउंटर में मार गिराया। कन्नौजिया 14 साल से फरार था। उस पर हत्या और अपहरण के कई मुकदमे थे। वह हत्या के बाद लाश का सिर काटकर ले जाता था।
शनिवार तड़के 4.30 बजे STF को सूचना मिली कि आजमगढ़-मऊ बॉर्डर पर एक बड़ा अपराधी किसी वारदात को अंजाम देने वाला है। इसके बाद STF और पुलिस की SOG टीम ने चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक बाइक से दो संदिग्ध आते हुए नजर आए।
STF ने बाइक को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने कार्बाइन से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। STF और SOG ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश को गोली लगी। वह जमीन पर गिर गया। जबकि बाइक सवार दूसरा बदमाश मौके से भाग गया।
STF आरोपी को मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त शंकर कनौजिया के रूप में हुई है।
शंकर के पास से 9MM की कार्बाइन, 9 MM की पिस्टल, खुखरी और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुआ है। शंकर ने 2011 में दोहरीघाट में लूट के दौरान विंध्याचल पांडे की गला काटकर हत्या की थी। इसके बाद से वह फरार था।
फरारी के दौरान कई वारदातों में उसका नाम आया, लेकिन पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। जुलाई, 2024 में आजमगढ़ के महाराजगंज में शैलेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति का अपहरण के बाद सिर धड़ से अलग करके हत्या हुई थी।
इसके बाद 17 सितंबर 2024 को वाराणसी ADG पियूष मोर्डिया ने शंकर कन्नौजिया पर 1 लाख का इनाम घोषित किया था। तब से पुलिस और STF उसकी तलाश कर रही थी।




