अभियान चलाकर अंत्योदय कार्ड धारक एवं 70 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड बनाने के दिए निर्देश : जिलाधिकारी
मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय राष्ट्रीय नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की जनपद स्तरीय पल्स पोलियो टास्क फोर्स चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों की संयुक्त समीक्षा बैठक कैंप कार्यालय पर संपन्न हुई।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जिलाधिकारी द्वारा समीक्षा की गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर संजय गुप्ता ने बताया कि जनपद हेतु आरबीएसके के अंतर्गत डीईआईसी (डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर) स्थापित किए जाने हेतु भूमि की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि आरबीएसके कार्यक्रम के अंतर्गत जन्म से 19 वर्ष तक के बच्चों का 4डी (डिफेक्ट एट बर्थ, डिजीज, डिफिशिएंसी, डेवलपमेंट डिले इंक्लूडिंग डिसेएबिलिटी) का उपचार डीईआईसी सेंटर जनपद में स्थापित होने पर उपचार जनपद में ही उपलब्ध हो सकेगा जिससे जनपद की प्रगति की स्थिति बेहतर हो पाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि डीईआईसी सेंटर की स्थापना हेतु स्थान की उपलब्धता के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।
जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसवों की समीक्षा में दोहरीघाट और फतेहपुर मंडाव के एमओवाईसी को प्रसवों की स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए। जननी सुरक्षा योजना अंतर्गत ब्लॉक वार आशा भुगतान की प्रगति की समीक्षा में जिलाधिकारी ने कहा की आशाओं के भुगतान में किसी प्रकार की लापरवाही न करें। इसके साथ ही सभी एमओवाईसी को निर्देशित किया गया की आशाओं के कई विभिन्न कार्यों से उन्हें उनके मानदेय में वृद्धि हो सकती है इस बात की जानकारी आशाओं को देने की आवश्यकता है। ई कवच पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं की फीडिंग के संबंध में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर बीके यादव ने बताया कि समस्त गर्भवती महिलाओं की फीडिंग ई कवच पोर्टल पर अनिवार्य रूप से एएनएम द्वारा किया जाना है यदि पोर्टल पर फिटिंग नहीं करेंगे तो जनपद की रैंकिंग पीछे हो जाएगी।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की समीक्षा में जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान चलाकर अंत्योदय कार्ड धारक एवं 70 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर जारी करें। टीकाकरण के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि टीकाकरण से कोई बच्चा छुटने ना पाए आवश्यकता अनुसार जरूरतमंदों का टीकाकरण अवश्य करें, जिससे भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के बारे में लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।
कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कुष्ठ रोगी खोजी अभियान की समीक्षा की गई और इसकी सफलता के लिए बेहतर कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान ओपीडी, आईपीडी, एफआरयू, आरबीएसके, दृष्टिहीनता निवारण, एम्बुलेंस सेवाएं, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, ई-कवच, आभा आईडी प्रगति, जननी सुरक्षा योजना (JSY) भुगतान, मातृत्व मृत्यु दर, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, क्षय रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन आदि विषयों पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों को हेल्थ वेलनेस सेंटरों की क्रियाशीलता का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालय में समय से उपस्थित रहकर जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के भी निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह, जिला होम्योपैथिक अधिकारी, जिला कुष्ठ अधिकारी, जिला क्षय रोग अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, डीएमसी यूनिसेफ, समस्त अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, समस्त चिकित्सा अधिकारी नगरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
