रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
लखीमपुर खीरी। फरधान थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और दुष्कर्म के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अवस्था में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कुछ दिन पूर्व फरधान के लीलकुआँ के पास कोचिंग जा रही एक छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। मामले के खुलासे के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
शुक्रवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फरधान क्षेत्र में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए और उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल आरोपियों का इलाज जारी है। उपचार के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
