18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को वोटर बनने का संदेश, ड्राफ्ट सूची अवलोकन के लिए जनता के लिए उपलब्ध
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
लखीमपुर खीरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एसआईआर प्रक्रिया के तहत जनपद मुख्यालय के मतदान केंद्र गुरुनानक इंटर कॉलेज में मतदाता सूची का ड्राफ्ट पब्लिकेशन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी/ डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने डिप्टी डीईओ/एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह के साथ मतदान केंद्र के सभी बूथों की ड्राफ्ट सूची जनमानस के अवलोकन के लिए जारी की। कार्यक्रम का सफल संयोजन ईआरओ/एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और तीन सुपरवाइजर को माला पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
डीएम ने कहा कि इस अभियान में जुड़े सभी कर्मियों ने दिन-रात मेहनत कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर युवा फॉर्म छह भरकर मतदाता बनें, क्योंकि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश सेवा का पहला कदम है। प्रत्येक योग्य मतदाता का मतदान हमारे लोकतंत्र को मजबूत बनाता है और इसे पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के दौरान नागरिकों को अपने नाम, पता और अन्य विवरणों में सुधार के लिए पूरा अवसर दिया गया है। डीएम ने सभी कर्मियों और युवा प्रतिभागियों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि यह प्रक्रिया केवल प्रशासनिक काम नहीं, बल्कि लोकतंत्र में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का अहम कदम है। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों और सुपरवाइजरों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि दिन-रात किए गए प्रयास से मतदाता सूची त्रुटिरहित तैयार की गई है।
इस दौरान 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के लिए बीएलओ द्वारा मैन्युअल और ऑनलाइन फॉर्म छह भरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में तहसीलदार मुकेश कुमार, स्थानीय नागरिक, बूथ लेवल ऑफिसर, सुपरवाइजर, जनप्रतिनिधि और युवा छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

