मुरली मनोहर पांडेय
मऊ। आम आदमी पार्टी मऊ के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में नगरपालिका परिषद मऊ के चेयरमैन द्वारा किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार, महिला दलित पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों से अभद्र व्यवहार तथा सोशल मीडिया के माध्यम से हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत किए जाने के विरोध में नगरपालिका परिषद परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
विरोध प्रदर्शन के उपरांत आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने नगरपालिका परिषद मऊ के अधिशासी अधिकारी (EO) को नगर विकास मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार, माननीय श्री ए.के. शर्मा जी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए मामले में शीघ्र कठोर कार्रवाई की मांग की। पार्टी का आरोप है कि नगरपालिका परिषद मऊ में निर्माण कार्यों, ठेकों एवं भुगतान प्रक्रियाओं में अनियमितताओं एवं कमीशनखोरी की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। ठेकेदारों को निजी आवास पर बुलाकर विशेष लाभ पहुँचाए जाने की सूचनाएं भी प्राप्त हुई हैं, जो गंभीर जांच का विषय है।
इसके साथ ही जनहित की समस्याओं को लेकर चेयरमैन के आवास पर पहुँची पार्टी की दलित महिला पदाधिकारी के साथ अभद्र, असम्मानजनक एवं मर्यादाहीन व्यवहार किया गया, जो महिला सम्मान, दलित अधिकारों एवं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है।
हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत करने का गंभीर प्रकरण
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि चेयरमैन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर की गई एक आपत्तिजनक पोस्ट से हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं। एक संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा इस प्रकार की टिप्पणी समाज में वैमनस्य फैलाने वाली है और इससे सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द को ठेस पहुँचती है।
विक्रम जीत सिंह का दो टूक संदेश
जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि—
“नगरपालिका परिषद मऊ के चेयरमैन का आचरण लगातार जनहित, महिला सम्मान और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ जा रहा है। भ्रष्टाचार की शिकायतें, हमारी दलित महिला पदाधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार और हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली पोस्ट—ये सभी गंभीर और अस्वीकार्य हैं।”
उन्होंने आगे कहा—
“आज आम आदमी पार्टी ने नगरपालिका परिषद में विरोध प्रदर्शन कर अधिशासी अधिकारी को मंत्री जी के नाम ज्ञापन सौंपा है। यदि शीघ्र निष्पक्ष जांच और ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी आमरण अनशन जैसे कठोर आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।” आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह महिला सम्मान, दलित अधिकार, जनहित और धार्मिक सौहार्द के मुद्दों पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
आज के प्रदर्शन में एके सहाय, मनोज कुमार, रीता भारती, स्वामी नाथ, मो. असलम,अवधेश मौर्या,विशाल पाण्डेय,जयराम यादव,संजीव सिंह, रामचंद्र कुमार आदि साथी सम्मलित रहें!
