रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। जिले के नगर क्षेत्र स्थित सोनिधापा खंडेलवाल बालिका इंटर कॉलेज में शिक्षकों के कथित अभद्र व्यवहार से परेशान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की छात्राओं ने कॉलेज में ताला लगाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक राजेश शराब पीकर पढ़ाते हैं और छात्राओं से अभद्रता करते हैं।
छात्राओं ने शिक्षिका रिचा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, रिचा छात्राओं को गाली देती हैं और 11वीं-12वीं की छात्राओं को गालियां देती हैं। इसके अतिरिक्त, शिक्षकों पर छात्राओं को जबरन कोचिंग में पढ़ने के लिए मजबूर करने और कोचिंग ज्वाइन न करने पर प्रैक्टिकल में नंबर काटने की धमकी देने का भी आरोप है। छात्राओं के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल अनिल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर स्थिति को समझने का प्रयास किया। प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) गौतम प्रसाद भी कॉलेज पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और छात्राओं की शिकायतें सुनीं। एबीवीपी की छात्राएं शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही हैं। प्रदर्शनकारी छात्रा प्रिया शर्मा ने बताया कि वे न्याय चाहती हैं, इसलिए आज वे धरने पर बैठी हैं। उन्होंने शिक्षकों के व्यवहार को अस्वीकार्य बताया और अधिकारियों से इस पर तुरंत संज्ञान लेने की अपील की।
