SIR फॉर्म जमा करने जाते समय तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मधुबन थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीएलओ की मौत हो गई। प्राथमिक विद्यालय देवनाथपुर में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत सुनील कुमार (42) SIR का डुप्लीकेट फॉर्म जमा करने साइकिल से तहसील मुख्यालय जा रहे थे।दोपहर करीब 2:30 बजे मधुबन–दोहरीघाट मार्ग पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय युवक अरविंद की मदद से उन्हें मधुबन बनियाबान तिराहा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें मऊ ले गए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी मीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सुनील कुमार अपने पीछे 17 और 14 वर्ष के दो बेटे छोड़ गए हैं। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।
