रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी देर शाम मऊ जनपद मुख्यालय पहुंचे। बलिया मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने बलिया मोड़ स्थित सभा पंडाल में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और फिर वहां से रवाना हो गए। पंकज चौधरी के रवाना होने के बाद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा मतदाता सूची में नाम कटने को लेकर उठाए गए सवालों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सवाल उठाना है, लेकिन सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। एके शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग चाहते हैं कि वास्तविक मतदाताओं के नाम काट दिए जाएं और अवैध रूप से बांग्लादेशी तथा रोहिंग्या लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ दिए जाएं। उन्होंने ऐसे लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका इस देश और लोकतंत्र से कोई लेना-देना नहीं है, वे केवल राजनीतिक स्वार्थ साधने का काम कर रहे हैं।
