रिपोर्ट : राहुल पांडेय
मऊ। पुलिस अधीक्षक इलामारन जी के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी अपराध के निकट पर्यवेक्षण में पुलिस लाइन परिसर में स्थित साइबर क्राइम थाना द्वारा लगातार प्रयास करते हुए जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त मोबाइल फोन गुमशुदगी के प्रार्थना-पत्रों का निस्तारण करते हुए कुल 13 लाख रूपये कीमती 59 अदद मोबाइल फोन को बरामद किया गया। बताते चलें कि पुलिस अधीक्षक के समक्ष जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गायब व खोए हुए मोबाइल फोन के सम्बन्ध में प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए थे। जिसके सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक द्वारा गायब हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए गम्भीरता पूर्वक प्रयास करने के लिए साइबर क्राइम थाना को निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में साइबर क्राइम थाना द्वारा लगातार गम्भीरता पूर्वक प्रयास करते हुए यह गायब व खोए हुए 59 अदद मोबाइल फोन को बरामद किया गया था। जिसको पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मोबाइल फोन स्वामियों को सुपुर्द किया गया।