मुरली मनोहर पाण्डेय
मऊ। मेरा युवा भारत के अंतर्गत नेहरू युवा केंद्र मऊ के तत्वावधान में नगर के तत्ववोध इण्टर कॉलेज के सभागार में युवाओं में नशे की लत मादक पदार्थों के सेवन के विरूद्ध जागरूकता एवम शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत नगर क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार पाण्डेय, शल्यक हास्पिटल के विख्यात सर्जन डा. एस सी तिवारी, नेहरू युवा केंद्र मऊ के जिला युवा अधिकारी श्रीमती राशि मिश्रा, जिला युवा कल्याण अधिकारी बीन कुमार सिंह व अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत युग पुरूष स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं के साथ नशा से होने वाली अनेक सामाजिक समस्याओं के विषय में विस्तार पूर्वक चर्चा किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी नगर ने कहा कि नशा समूल विनाश का जड़ होता है। इससे सामाजिक आर्थिक पारिवारिक विघटन के साथ-साथ स्वास्थ्य प्रभावित होता है। मुख्य वक्ता डा0 एस सी तिवारी ने कहा कि संस्कार व संस्कृति के बल पर युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सकता है। युवाओं को गलत संगत से बचना चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपने व्यक्तित्व व भविष्य का निमार्ता स्वयं होता है। चरित्र निर्माण व राष्ट्र वाद के बल पर ही हम नशा मुक्त के साथ-साथ वैभवशाली भारत का निर्माण कर सकते है। सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र तिवारी ने कहा कि नशे की संगति जीवन के लिए नाशकारी और भयावह होती है, वह हमारे जीवनचक्र को बुरी तरह प्रभावित कर देती है। नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी राशि मिश्रा ने कार्यक्रम विषय के दौरान कहा कि युवा राष्ट्र की धरोहर एवं भावी कर्णधार हैं इन्हे नशा के विरूद्ध सचेत करने हेतु नेहरू युवा केन्द्र द्वारा ज्वलंत मुद्दे को चुना गया है।नशा व मादक पदार्थों के सेवन से व्यवस्थित जीवन खोखला हो जाता है नशा करने से व्यक्ति निराशा व हताशा की ओर बढ़ता चला जाता है। इस मौके पर प्रमुख रूप से संतोष पाण्डेय, ओम प्रकाश मिश्र, नवीन कुमार सिंह, चंदन प्रजापति, केदार राम, बंदना भारती, सोनम लवली मिश्रा , आदि मौजूद रहे। अंत में नगर क्षेत्राधिकारी एवं डां एस सी तिवारी ने उपस्थित युवाओं को नशा से मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का आभार नवीन सिंह ने किया । नशीली दवाओं की लत और मादक पदार्थों के सेवन पर जागरूकता एवम शिक्षा कार्यक्रम पर भाषण प्रतियोगिता और एकांकी का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में आकाश, कुंदन, पायल एवं साक्षी तथा एकांकी के कलाकारों को मेडल और स्मृति चिन्ह् से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य युवाओं को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम के अंत में एक पेड़ मां के नाम के तहत परिसर में पौधरोपण किया गया।
