अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी के अनुपस्थित होने पर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के दिए निर्देश
मुरली मनोहर पाण्डेय
मऊ। आजअपर जिलाधिकारी श्री सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने बताया कि जनपद में निवेश हेतु कुल 134 प्राप्त प्रस्तावों में 52 प्रस्ताव धरातल पर आ चुके हैं जिससे 1084 करोड़ का निवेश प्राप्त हुआ। इन 52 प्रस्तावों में से 12 में उत्पादन कार्य भी शुरू हो चुका है। शेष प्रस्ताव में उत्पादन कार्य प्रारंभ ना होने पर अपर जिलाधिकारी ने कारणों का पता कर उन्हें निस्तारित करते हुए शीघ्र ही इकाइयों में उत्पादन कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा हस्तशिल्प विपणन योजना में वित्तीय वर्ष हेतु लक्ष्य अभी तक प्राप्त न होने पर उन्होंने पत्राचार कर इसमें आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं में बैंकर्स से संबंधित समस्याओं की सूची भी उन्होंने लीड बैंक मैनेजर को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिससे निवेशको की समस्या का निस्तारण हो सके। औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा में नाला एवं पानी निकासी तथा ताजोपुर क्षेत्र में नालों की सफाई अभी तक न होने तथा अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी के अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर जिलाधिकारी ने लिखित रूप से स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। एन एच 29 पर बढुआ गोदाम औद्योगिक क्षेत्र के दक्षिण पश्चिम की तरफ सायफन बनाने के कारण उत्पन्न समस्या की चर्चा के दौरान एन एच आई के प्रतिनिधि के अनुपस्थिति पर उन्होंने अगली बैठक में समस्त अभिलेख सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए। कारखाना अधिनियम 1948 के तहत औद्योगिक प्रतिष्ठानों के पंजीकरण की चर्चा के दौरान उन्होंने अधिनियम के अंतर्गत आने वाले कारखाने का पंजीकरण कराए जाने को कहा। विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं निस्तारण हेतु उन्होंने अधीक्षण अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए।इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा में पार्क विकसित किए जाने तथा औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन निति 2017 के अंतर्गत स्टांप शुल्क के छूट के संबंध में भी चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदन पत्रों तथा उनके निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की तथा समस्त आवेदनों को निर्धारित समय सीमा के अंदर निस्तारण करने को कहा।इस दौरान उन्होंने विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना,एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण मार्जिन मनी योजना, मुख्यमंत्री विशिष्ट हस्त शिल्प पेंशन योजना तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के दौरान उपयुक्त उद्योग राजेश रोमन ,अधीक्षण अभियंता विद्युत राकेश कुमार, अधिशासी अभियंता नगर पालिका दिनेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
