गर्भवती महिलाओं एवं 0- 6 वर्ष के बच्चों का शत प्रतिशत टीकाकरण एवं ड्यू लिस्ट अपडेट रखने के दिए गए निर्देश
रिपोर्ट : राहुल पांडेय
मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र के निर्देश पर वीएचएनडी (ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस) के अवसर पर 25 जनपद /स्तरीय तथा तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य उप केंद्रों,आंगनबाड़ी केंद्रों ,स्कूल एवं सार्वजनिक भवनों पर आयोजित होने वाले वीएचएनडी सत्र का एक साथ निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से आशा डायरी के अद्यतन होने, उनके नियमित रूप से केंद्रों पर आने तथा केंद्र पर चिन्हित बच्चों के शत प्रतिशत टीका करण सुनिश्चित होने की स्थिति का जायजा लिया गया। इसके अलावा जिन बच्चों का टीकाकरण नहीं हुआ है उनके अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें प्रेरित करने हेतु किए गए प्रयासों की भी जांच की गई। स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों ,स्कूल तथा सार्वजनिक भवनों पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में गर्भवती स्त्रियों की जांच के लिए आवश्यक व्यवस्था जैसे बाथरूम, पर्दे, दवा आदि की उपलब्धता की भी जानकारी निरीक्षण कर्ताओ द्वारा ली गई तथा जो बच्चे अति कुपोषित हैं एवं उनके अभिभावक एन आर सी में भेजना पर सहमत ना हो उन्हें अति कुपोषण के कारण होने वाली बीमारियों एवं हानियों के बारे में जागरूक कर उन्हें एन आर सी में भर्ती कराने हेतु भी प्रेरित करने के भी निर्देश इन टीमों द्वारा दी गई। इसके अलावा केंद्रों पर आवश्यक उपकरण की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों द्वारा दिए गए। निरीक्षण कर्ता अधिकारियों द्वारा एएनएम की सक्रियता, नियमितता एवं पर्यवेक्षण दायित्वों की जांच करने के साथ-साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्तियो की भूमिका के बारे में भी गहराई से छानबीन की गई। रूबेला मीजल्स, जे ई,पीसीबी, आईपीवी वैक्सीन आदि लगाने की स्थिति की भी जांच टीमों द्वारा करने एवं शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। जिन केंद्रों पर औसत से कम टीकाकरण पाया गया वहां वैकल्पिक रणनीति बनाने,ग्राम प्रधान एवं प्रभावी व्यक्तियों के माध्यम से अभिभावकों को जागरुक करने डायरी को अद्यतन करने के भी निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने टीकाकरण कार्यक्रम से जुड़े समस्त कर्मचारियों को माह अक्टूबर में शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने टीकाकरण में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। जिलाधिकारी ने टीकाकरण हेतु आवश्यक उपकरणों एवं अन्य स्वास्थ्य उपकरणों को भी ठीक करने तथा उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने सैम एवं मैम बच्चों को चिन्हित कर आवश्यकता अनुसार उनका उपचार करने तथा गांव के सम्मानित एवं प्रभावशाली व्यक्तियों एवं प्रधान के सहयोग से एन आर सी में भर्ती करने तथा शत प्रतिशत टीकाकरण से आच्छादित करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा डब्ल्यू एच ओ एवं यूनिसेफ के फीडबैक को भी हर स्तर पर क्रियान्वित करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। जिलाधिकारी ने वी एच एन डी सत्र का नियमित निरीक्षण कर गर्भवती महिलाओं एवं 0 से 6 वर्ष के समस्त बच्चों का शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा ड्यू लिस्ट अपडेट रखने के भी निर्देश दिए। वीएचएनडी (ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस) राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत बनाए जाने वाला एक कार्यक्रम है जो स्वास्थ्य उप केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों,स्कूलों एवं सार्वजनिक भवनों पर मनाया जाता है। इस दिवस पर बच्चों, महिलाओं एवम् किशोरियों को साफ सफाई के बारे में जानकारी देने के साथ ही टीकाकरण एवं पोषाहार वितरण की स्थिति, चिकित्सकीय परीक्षण, बच्चों, किशोरियों के वजन एवं उनके स्वास्थ्य की भी जांच की जाती है,जिसमें एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।