भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डा0 मनमोहन सिंह के निधन पर पालिकाध्यक्ष की संवेदनायें
मुरली मनोहर पांडेय
मऊनाथ भंजन। बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अरशद जमाल ने बीती रात पूर्व प्रधानमंत्री डा0 मनमोहन सिंह के निधन पर गहरे दुःख का इजहार किया है। उन्होंने अपनी संवेदनाओं को व्यक्त करते हुये कहा कि गुजश्ता रात हम सभी देशवासियों के लिये अत्यन्त कष्टपूर्ण एवं दुःखदायी रात के रूप में अनुभव हुयी है जब हमारे राष्ट्र के विद्वान अर्थशास्त्री व पूर्व प्रधानमंत्री ने ऐमस में अन्तिम सांस लेकर हम सबको विदा कह दिया।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि वह लोग जो अपने जीवन को देश एवं दुनिया को समर्पित कर जाते हैं उनका नाम एवं किरदार रहती दुनिया तक कायम रहता है तथा वे अपने किये गये अत्यन्त उत्कृष्ट कार्याें के प्रति सदैव जनप्रिय एवं लोकप्रिय बने रहते हैं। चाहे अब डा0 साहब हमारे बीच नहीं रहे लेकिन उनके कार्याें के प्रति राष्ट्र उन्हें कभी नहीं भूल सकता। डा0 मनमोहन सिंह एक ऐसे परिवार में पैदा हुये जो गरीब था और उनके बचपन में ही उनकी माता का देहांत हो गया तत्पश्चात् दादी जान ने उनकी देख-रेख की। उन्होंने विश्व की उच्च स्तरीय विश्वविद्यालयों से शिक्षा प्राप्त कर भारत के कई उच्च पदों पर अपना योगदान देते हुये राष्ट्र को अपने जीवन के 10 वर्ष सफल एवं दक्ष प्रधानमंत्री के रूप में दिये।
अध्यक्ष जी ने बताया कि जब पूरा विश्व मंदी की मार झेल रहा था तब भी हमारा प्रिय भारत डा0 मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व में आर्थिक रूप से मजबूत बना रहा और मंदी की मार से भी अनभिज्ञ रहा। अरशद जमाल ने कहा कि डा0 मनमोहन सिंह मात्र एक प्रतिभावान नेता ही नहीं थे वे अर्थशास्त्री भी थे। उन्होंने स्पष्ट और सुसंगत नीति ढांचे की वकालत की। यही कारण है कि उनके नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में सफलता पायी। वे कम बोलते थे परन्तु कार्य अधिक करते थे। उनकी मौन जीवन शैली उन्हंे एक ऐसे प्रधानमंत्री के रूप में स्थापित करती है जिस मुकाम को अन्य प्राप्त नहीं कर सके क्यों कि डा0 मनमोहन सिंह अदभुत प्रतिभाओं के धनी थे। श्री जमाल ने कहा कि आज हमने एक अनूठे राष्ट्र नायक, प्रतिभावान अर्थशास्त्री, प्रचण्ड विद्वान एवं अपने सीने में जनता का दुःख-दर्द अनुभव करने वाले महान राजनेता तथा मार्गदर्शक को खो दिया है। उनके निधन से राष्ट्र की अद्वितीय क्षति हुयी है जिसकी भरपाई सम्भव नहीं।
श्री जमाल ने स्वयं समेत सभी नेताओं से अपेक्षा की है कि हम सभी डा0 मनमोहन सिंह के पगचिन्हों का अनुश्रण कर कामन मिनिमम प्रोग्राम जैसी योजनाओं पर काम कर देश को उन्नति के शिखर पर ले जाने में संयुक्त भूमिका निभायें। यही डा0 मनमोहन सिंह जी के लिये हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शान्ति दे तथा शोकाकुल परिवार को असीम धैर्य प्रदान करे।
