12 दिसंबर से 27 दिसंबर तक चलेगा स्कूली वाहनों के विरुद्ध जांच अभियान
मुरली मनोहर पाण्डेय
मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि है राष्ट्रीय राजमार्गों के अलावा अन्य सड़कों पर आवश्यक बड़े वाहनों का पार्किंग न होने दे इसके लिए सभी क्षेत्राधिकारियों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। जिला अधिकारी ने ठंड एवं कोहरे के प्रभाव को देखते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट निश्चित रूप से लगाए, अन्यथा वाहन जांच के दौरान यदि किसी वाहन चालक द्वारा नियमों का पालन नहीं करते हुए पाए गए तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई निश्चित रूप से की जाएगी। जिलाधिकारी ने चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए की यातायात जांच के दौरान वाहन चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण नियमित कराते रहे और नशे में वाहन चलाते हुए पाए जाते हैं तो पुलिस प्रशासन का सहयोग लेकर जेल भिजवाने की कार्यवाही कराए। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि विद्यालयों में यातायात के नियमों की जानकारी साझा करने हेतु यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन समय-समय पर कराते रहे। जिलाधिकारी ने नगर पालिका सहित अन्य नगर पंचायतों के अंतर्गत आने वाले मुख्य मार्गों पर होटल एवं ढाबों के कारण ट्रक या बड़े वाहन सड़क के किनारे खड़ा होने के कारण दुर्घटना होने की संभावना अत्यधिक रहती है। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी मुख्य मार्ग पर पढ़ने वाले होटल एवं ढाबों के कारण सड़क के किनारे वाहन खड़ा न होने दे, जिससे दुर्घटना को रोका जा सके। इसके अलावा जिलाधिकारी द्वारा दुर्घटना के दृष्टिगत वाहनों के आगे और पीछले हिस्से पर रिफ्लेक्टर न लगवाए जाने एवं तेज गति से वाहन चलाने वालों पर निश्चित रूप से कार्रवाई करने के निर्देश आरटीओ को दिए। जनपद में संचालित विद्यालयों में लगे वाहनों के विरुद्ध 12 दिसंबर से 27 दिसंबर तक अभियान चलाकर वाहनों के फिटनेस, चालकों के स्वास्थ्य एवं नशा जैसी अन्य बिंदुओं की जांच की जाएगी। जनपद में विभिन्न स्थानों पर हुई दुर्घटना की समीक्षा में प्रभारी यातायात द्वारा बताया गया कि माह नवंबर में कुल 40 सड़क दुर्घटनाएं घटित हुई, जिसमें मृतकों की संख्या 20 व घायलों की कुल संख्या 35 दर्ज की गई है। जिलाधिकारी द्वारा सड़क दुर्घटना की स्थिति के बारे में जानकारी ली तो उक्त सभी दुर्घटनाएं तेज गति या अत्यधिक नसे में वाहन चलाए जाने के कारण हुई है। जिलाधिकारी द्वारा सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के दृष्टिगत प्रभारी यातायात को निर्देशित किया गया कि अभियान चलाकर तेज गति एवं नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई निश्चित रूप से करें। अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने कहा कि नगर क्षेत्र के अलावा सभी नगर पंचायत के अंतर्गत सड़क के किनारे ठेला, घूमती या अन्य संसाधनों के माध्यम से सड़कों पर अतिक्रमण किया गया है, उन स्थानों को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त करते हुए उन लोगों को उचित स्थानों पर व्यवस्थित किये जाने के सम्बन्ध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश समस्त अधिशासी अधिकारियों को दिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत चौराहों, तिराहों के अलावा अन्य स्थानों पर आॅटो, टैक्सी स्टैंड बनाए जाएं तथा इसका अवलोकन निश्चित रूप से कर लें, कि किस मार्ग पर कितनी नियमित सवारी गाड़ियां चल रही हैं शहर क्षेत्र में रूटवार आॅटो रिक्शा चलेंगे जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक इलामरन जी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दिनेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
