मुरली मनोहर पाण्डेय
डिडौली। यूपी के अमरोहा स्थित एक गांव की रहने वाली तीन बच्चों की मां की दोस्ती इंस्टाग्राम पर शाहजहांपुर के युवक से हो गई। व्हाट्सएप पर बातें शुरू हुईं तो दोनों की दोस्ती मोहब्बत में बदल गई। लिहाजा, महिला ने प्रेमी को मिलने अपने गांव बुला लिया। जहां पति ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद दोनों की जमकर पिटाई की गई। पिटाई से नाराज महिला ने पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी और पति को गिरफ्तार कर लिया। दोनों का शांति भंग में चालान कर दिया है। यह मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव का है। यहां रहने वाले युवक की शादी 10 साल पहले अमरोहा नगर के मोहल्ले की रहने वाली युवती से हुई थी। विवाहिता के पास एक बेटा और दो बेटियां हैं। उसका इंस्टाग्राम पर अकाउंट है। करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती शाहजहांपुर जनपद के थाना तिलहर क्षेत्र के गांव सईदबाड़ा निवासी सुमित से हो गई। इसके बाद दोनों ने आपस में व्हाट्सएप नंबर शेयर कर लिया। दोनों काफी देर तक बातचीत करते थे, इस बीच दोनों की दोस्ती मोहब्बत में बदल गई। लिहाजा दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। मंगलवार को महिला के बुलाने पर सुमित उससे मिलने उसके गांव पहुंच गया। तभी पति ने दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। पति ने महिला और उसके प्रेमी की जमकर पिटाई की। इस दौरान विवाहिता ने फोन करके पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस विवाहिता के प्रेमी और उसके पति को कोतवाली ले आई। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में विवाहिता के पति और उसके प्रेमी सुमित का शांति भंग में चालान किया गया है।