आंगनबाड़ी केन्द्र में पढ़ने गया था बच्चा, स्कूल पर लापारवाही का आरोप
रिपोर्ट-प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के बेल्थरारोड में आंगनबाड़ी में पढ़ने गया 5 वर्षीय मासूम पास के तालाब में डूब गया। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों के साथ उभांव पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद जब मासूम को तालाब से बाहर निकाला गया तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के पिता ने बेटे की मौत का कारण आंगनबाड़ी स्टाफ पर लगाया है।
मिश्रौली गांव निवासी सतीश गुप्ता का बेटा अंशुमान बुधवार सुबह अपने घर से आंगनबाड़ी केंद्र पढ़ने गया था। पढ़ाई के दौरान स्कूल का गेट खुला हुआ था, जिससे अंशुमान अन्य दो बच्चों के साथ स्कूल से बाहर खेलने चला गया। काफी देर बाद दो अन्य बच्चे अंशुमान के घर पहुंचे और उसकी मां को बताया कि अंशुमान तालाब में डूब गया है। बच्चे की मां ने तुरंत तालाब की ओर दौड़कर देखा और वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा थी। सूचना मिलने पर उभांव पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से मासूम को तालाब से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के पिता ने आंगनबाड़ी स्टाफ पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह घटना स्कूल की लापरवाही के कारण हुई है। उनका कहना था कि इससे पहले भी उनका बच्चा स्कूल में बैग रखकर बाहर चला गया था, जिस पर उन्होंने प्रधानाध्यापिका से शिकायत की थी और स्कूल के गेट को बंद रखने की मांग की थी, लेकिन उनकी शिकायत को नजरअंदाज किया गया। इस घटना पर प्रधानाध्यापिका चन्द्रावती देवी ने कहा कि अंशुमान का नाम स्कूल में पंजीकृत नहीं था, बल्कि उसका नाम आंगनबाड़ी में दर्ज था। उभांव थाना के एसएचओ विपिन सिंह ने कहा कि मृतक के पिता द्वारा स्कूल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।
