रिपोर्ट-प्रिंस प्रजापति
बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर चिट गांव में अराजक तत्वों ने पूर्व मंत्री की स्थापित प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी लोगों को उस समय हुई, जब गुरुवार की सुबह शौच करने निकले लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और टूटी प्रतिमा को कपड़े से ढकवाया गया। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव भी मौके पर पहुंच गए।
मिली जानकारी के अनुसार चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के रामपुर चिट गांव में पूर्व मंत्री स्व. शारदानंद अंचल की आदमकद प्रतिमा स्थापित है। स्व. शारदानंद अंचल बैरिया विधायक जय प्रकाश अंचल के पिता थे। बीती रात किसी अराजक तत्वों ने पूर्व मंत्री शारदानंद अंचल के आदमकद प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। अराजक तत्वों ने मूर्ति का सिर तोड़ दिया। घटना की जानकारी लोगों को बुधवार की सुबह हुई। शौच करने निकले कुछ लोगों की नजर पूर्व मंत्री के सिर विहीन प्रतिमा पर पड़ी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। यह बात जंगल में लगी आग की तरह फैल गयी। बताया जाता है कि स्व. शारदानंद अंचल को लोग गरीबों का नेता तथा मसीहा कहते थे।
स्व. शारदानंद अंचल धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव के अति करीबियों में से एक थे। उन्होंने क्षेत्र के विकास के अनेकों कार्य किये। घटना के बाद लोगों में रोष व्याप्त है। इस स्व. शारदानंद अंचल के पुत्र तथा समाजवादी पार्टी के बैरिया विधायक जय प्रकाश अंचल ने कहा कि बीजेपी सरकार में अपराधियों पर अंकुश नहीं है। कहा कि एफआईआर दर्ज कराया जायेगा।