रैनी में निमार्णाधीन सॉलिड बेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में मिटटी भराई कार्य प्रारंभ न होने पर जताई कड़ी नाराजगी, ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के दिए निर्देश
निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय सीमा के अंदर पूर्ण न करने पर होगी कड़ी कार्रवाई:- जिलाधिकारी
रिपोर्ट-मोनिका राय
मऊ। आज जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र ने जनपद में निमार्णाधीन कई परियोजनाओं का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम जिलाधिकारी द्वारा प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत निमार्णाधीन राजकीय महिला आईटीआई का निरीक्षण किया गया। यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2019-20 में स्वीकृत हुई थी जिसकी कुल स्वीकृत लागत 12 करोड़ 60 लाख रुपए है। इस परियोजना की कार्यदाई संस्था पैकफेड है। अब तक इस परियोजना पर कुल 9 करोड़ 45 लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने परियोजना के निर्माण कार्य को दिसंबर माह में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिशासी अभियंता को दिए, जिससे जुलाई 2025 में प्रारंभ होने वाले सत्र से कक्षाओं का संचालन किया जा सके। इसी परिसर स्थित राजकीय आईटीआई में भवन वर्कशॉप और सीसी रोड निर्माण कार्य का भी जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण किया गया, जिसकी कुल लागत 9 करोड़ 40 लाख रुपए है। इस योजना की कार्यदाई संस्था यू पी पीसीएल है। जिलाधिकारी ने हर हाल में इस परियोजना को मार्च 2025 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए इसके अलावा कार्यदाई संस्था पैकफेड द्वारा मतलूपुर में निमार्णाधीन सद्भाव मंडप का भी निरीक्षण जिला अधिकारी द्वारा किया गया जिसकी कुल स्वीकृत लागत 2 करोड़ 34 लाख रुपए हैं। जिसके तहत एक करोड़ 40 लाख रुपए कार्यदाई संस्था को प्राप्त भी हो चुके हैं, परंतु अभी भी प्राप्त धनराशि पूरी खर्च न करने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त किए हुए करते हुए कार्यदाई संस्था के अधिशासी अभियंता को तत्काल अवशेष राशि से निर्माण कार्य करते हुए उपभोग प्रमाण पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए,जिससे अवशेष धनराशि प्राप्ति के उपरांत शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जा सके। इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा कार्यदाई संस्था सी& डी एस द्वारा रैनी परलई- पूरा घाट रोड में निमार्णाधीन सॉलिड बेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। इस परियोजना की कुल लागत 14 करोड़ 7 लाख 24 हजार रुपए हैं। इस परियोजना के निरीक्षण के दौरान 3 माह पूर्व नगर विकास विभाग से धनराशि प्राप्त होने के बावजूद अभी भी मिट्टी भराई का कार्य प्रारंभ ना होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ पेनल्टी लगाने की कार्रवाई हेतु आवश्यक कार्य करने के निर्देश अधिशासी अभियंता एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को दिए। साथ ही उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति पर भी कार्यदाई संस्था के अधिशासी अभियंता को कड़ी फटकार लगाई। जिला अधिकारी ने शाम तक मिट्टी भराई कार्य प्रारंभ होने की स्थिति से अवगत भी कराने को कहा। इस परियोजना के पूर्ण होने की तिथि जनवरी 2023 निर्धारित थी, परंतु अभी भी कार्य पूर्ण न होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता सी & डी एस को एक माह के अंदर सारे कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए,अन्यथा की स्थिति में कार्यदाई संस्था एवं संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। परियोजनाओं के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदाई संस्थाओ के अधिशासी अभियंताओं एवं नोडल विभाग के अधिकारियों को सारे निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय सीमा के अंतर्गत पूर्ण करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर रिकवरी सहित कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी जिलाधिकारी द्वारा दी गई। निरीक्षण कार्यों के दौरान संबंधित कार्यदाई संस्थाओं के अधिशासी अभियंताओं के अलावा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी साहित्य निकस सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद दिनेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।