बलिया से महाकुंभ आई थी; पति और बेटे की हालत गंभीर
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
प्रयागराज। प्रयागराज में मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) गेट के पास बस की टक्कर से भदोही निवासी बाइक सवार श्रद्धालु अनीता पाल (27) की मौत हो गई। महिला बस में फंसकर 50 मीटर तक घिसटती चली गई। उनका शरीर दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रविवार शाम हुआ। ड्राइवर बस लेकर भाग गया।
भदोही के सुरियावा निवासी देव मणिपाल प्रयागराज में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। रविवार दोपहर को उनकी पत्नी अनीता अपने आठ साल के बेटे श्रेयांस के साथ महाकुंभ में संगम में स्नान करने आ रही थीं। फाफामऊ स्टेशन पर वह ट्रेन से उतर गईं। इसके बाद देव मणिपाल पत्नी और बेटे को बाइक से लेकर संगम की ओर जा रहे थे।
MNNIT चौराहे के आगे गंगाद्वार के पास बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बेटा और देव मणिपाल छिटककर दूर जा गिरे। उनके हाथ और पैर में चोट आई है। जबकि अनीता बस में घसीटती हुई 50 मीटर तक आगे चली गईं। उनकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया है। शिवकुटी थाना पुलिस चौराहे पर लगे CCTV से बस की पहचान करने में जुटी है।
