अवैध स्कूल-कोचिंग बंद करने समेत कई मांगें रखीं
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। कार्यकर्ताओं ने स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों और माध्यमिक विद्यालयों में चल रही अनियमितताओं की शिकायत की है।
ABVP ने बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों को तत्काल बंद करने की मांग की है। उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों में दिए जा रहे मिड डे मील की खराब गुणवत्ता का मुद्दा भी उठाया है। कार्यकर्ताओं ने कॉन्वेंट और सीबीएसई स्कूलों में हर साल बढ़ते शुल्क पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही पुस्तकों और ड्रेस कोड में लगातार बदलाव पर भी आपत्ति जताई है। निजी स्कूलों में हर साल लिए जा रहे प्रवेश शुल्क को भी रोकने की मांग की गई है। शिक्षकों की सूची सार्वजनिक करने की मांग की।
ज्ञापन में एक ही भवन से कई कोर्स चलाने वाले महाविद्यालयों की जांच की मांग की गई है। शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों पर भी सवाल उठाए गए हैं। इनके पास न तो पर्याप्त शिक्षक हैं और न ही कक्षाएं। ABVP ने स्ववित्त पोषित महाविद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षकों की सूची सार्वजनिक करने की मांग की है।
साथ ही बिना पंजीकरण के चल रहे कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी को बंद करने की मांग भी की है। इस दौरान जिला संगठन मंत्री प्रशांत त्रिपाठी, अनन्या शर्मा, अविनाश गुप्ता, वेदांत मल्ल, ओंमकार सिंह और आकाश समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
