गन्ना खराब बताकर चीनी मिल का तौल से इनकार, 100 ट्रालियां 14 घंटे से खड़ीं, गन्ना किसान परेशान
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के घोसी स्थित किसान सहकारी चीनी मिल में किसानों ने प्रबंधन पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। चीनी मिल प्रबंधन ने खराब गन्ना लाने का हवाला देकर ट्रालियों का तौल कराने से मना कर दिया। इससे सोमवार सुबह से लगभग सौ ट्रालियां राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर शाम तक खड़ी रहीं। जिसे लेकर किसान हंगामा करने लगे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गन्ना किसानों व मिल कर्मचारियों से बातचीत कर मामला हल करवाने में लगी रही। पुलिस ने किसी तरह राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ी गन्ना ट्रालियों को मिल परिसर में खड़ा कराया। किसानों का आरोप है कि मिल प्रबंधन गन्ने में मिट्टी लगी होने और सूखे गन्ने का बहाना बनाकर परेशान कर रहा है।
गुड्डू यादव, झिनक यादव, वीरबहादुर यादव समेत दो दर्जन किसानों ने बताया कि तौल के समय हर ट्राली से 4 से 5 कुंतल गन्ने की कटौती की जाती है।
किसानों ने अधिकारियों पर पैसे लेकर तौल कराने का भी आरोप लगाया है। किसानों ने चीनी मिल अधिकारियों पर किसानों से अभद्रता का भी आरोप लगाया। किसानों का कहना है कि पिछले दिनों काटे से तौल कराने के बाद भी एक किसान की ट्राली को डोंगे के पास से वापस करा दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क जाम और धरना करने को मजबूर होंगे। किसानों ने एक स्वर से कहा कि, किसानों का कोई सुनने वाला नही है। मिल के मनमानी से आये दिन किसान परेशान हो रहे है। हालांकि वर्तमान में मिल परिसर ट्रालियों के अभाव में खाली है, जिससे नो-केन की स्थिति बन सकती है। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक शैलेंद्र आस्थाना ने स्पष्ट किया है कि, खराब और सूखे गन्ने का तौल नहीं किया जाएगा। उन्होंने किसानों से साफ-सुथरा और सही गन्ना लाने को कहा है।
