रिपोर्ट : रंजना तिवारी
सलेमपुर। सात संपूर्ण समाधान दिवसों में गैरहाजिरी पर नगर पंचायत भटनी के ईओ अमित सिंह के विरुद्ध एसडीएम ने कार्रवाई के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी को पत्र भेजा है। इससे अन्य विभागों के अनुपस्थित अधिकारियों में खलबली मच गई है।
तहसील सभागार में 15 फरवरी को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में नगर पंचायत भटनी के ईओ से संबंधित कई गंभीर शिकायतें मिलीं। तहसीलदार के कई बार कहने के बावजूद ईओ नहीं पहुंचे। समाधान दिवस में उपस्थित मुख्य राजस्व अधिकारी ने गैरहाजिर अधिकारियों की सूची तैयार कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। तहसीलदार अलका सिंह ने एसडीएम दिशा श्रीवास्तव को रिपोर्ट दी कि नगर पंचायत भटनी के ईओ अमित सिंह अक्तूबर 2024 से फरवरी 2025 तक यानी पांच माह में आयोजित आठ समाधान दिवसों में केवल एक बार एक फरवरी को उपस्थित रहे। इससे यह साबित होता है कि वह सरकारी कार्यों के प्रति घोर लापरवाही बरत रहे हैं।