रिपोर्ट : विद्यानंद
देवरिया। जिले में स्टंटबाजी कर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले युवकों पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए चार स्टंटबाजों को गिरफ्तार किया है। ये युवक तेज रफ्तार वाहनों पर स्टंट कर न सिर्फ अपनी जान जोखिम में डाल रहे थे, बल्कि राहगीरों के लिए भी खतरा पैदा कर रहे थे। यही नहीं, ये अपने खतरनाक कारनामों को सोशल मीडिया पर वायरल कर खुद को ‘हीरो’ बनाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन गौरीबाजार पुलिस ने समय रहते इनकी दबंगई पर लगाम कस दी और ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए इन्हें पकड़ लिया।
गौरीबाजार थाना क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा सड़क पर स्टंटबाजी किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर अंशुमान श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार युवकों को धर दबोचा। जांच में सामने आया कि आरोपी सड़क पर बाइक और कार से खतरनाक स्टंट करते थे और फिर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालते थे। जब पुलिस ने उनके मोबाइल फोन खंगाले तो उनमें ऐसे कई वीडियो पाए गए, जो इनकी लापरवाही और कानून तोड़ने की मानसिकता को दर्शा रहे थे।गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान शिवम गोड़, सौरभ राजभर, संदीप राजभर और शंभू राजभर के रूप में हुई है। चारों आरोपी खैरटिया, थाना गौरीबाजार के निवासी हैं। इनके पास से एक स्वीफ्ट डिजायर कार (UP52AB0021) और एक स्प्लेंडर बाइक (UP52BW1643) बरामद की गई, जिनका इस्तेमाल ये स्टंटबाजी में कर रहे थे। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर इनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क पर स्टंटबाजी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि अगर कहीं कोई इस तरह की हरकत करता नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
