रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के सदस्यों ने गुरुवार को डीएम के प्रतिनिधि को 6 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। यूनियन के सदस्यों ने बताया कि ग्राम पंचायत शिवपुर दियर नंबरी में पीढ़ियों से रह रहे लोगों को पक्का मकान बनाने से रोका जा रहा है। कथित भूस्वामी और दबंग लोग उन्हें जमीन का मालिक नहीं मानते।
यहां की अधिकतर आबादी दलित, पिछड़े, अति पिछड़े और एससी/एसटी भूमिहीन श्रमिकों की है। इस वजह से उनका सामाजिक, मानसिक और आर्थिक शोषण हो रहा है। गंगा नदी में जनेश्वर मिश्र पुल के पूरब में कटान बढ़ने से पासवान बस्ती के डूबने का खतरा है। अगर समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो शिवपुर दियर नंबरी का बड़ा हिस्सा गंगा में समा सकता है। नियमित नहीं बैठते डॉक्टर
स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नियमित नहीं बैठते। इससे लोगों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। राशन कार्ड से मनमाने तरीके से नाम काटे जा रहे हैं, जिससे पात्र लोग राशन से वंचित हो रहे हैं।
यूनियन की मांगें
यूनियन की मुख्य मांगें हैं पक्का मकान बनाने की अनुमति, कटान रोकने के लिए बोल्डर डालना, सर्वे की प्रक्रिया पूरी करना, स्वास्थ्य केंद्र पर नियमित डॉक्टर की तैनाती, राशन कार्ड में मनमानी पर रोक और मनरेगा के तहत श्रमिकों को काम देना।
