रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के नगरा थाना क्षेत्र के वीरचंद्रहां गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। दलित बस्ती में खाद के गड्डे पर हुए अवैध निर्माण को एसडीएम रसड़ा संजय कुमार कुशवाहा ने पुलिस बल की मौजूदगी में हटवाया। गांव के इंद्रासन, राजेश और रमेश ने खाद के गड्ढे की भूमि पर छप्परनुमा मकान और शौचालय बना लिया था।
इस अवैध कब्जे के खिलाफ ग्राम पंचायत के विश्वमोहन सिंह ने तहसीलदार न्यायालय में वाद दायर किया था। न्यायालय ने बेदखली का आदेश दिया। कई बार नोटिस देने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटा। फिर एसडीएम ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर जेसीबी से अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। इसी भूमि पर कलश राम ने दो मंजिला मकान बना लिया है। प्रशासन को उन्होंने एक महीने के भीतर जमीन के बदले जमीन देने का लिखित आश्वासन दिया है। इसलिए उनके मकान को नहीं तोड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान बसपा के जिला प्रभारी नंदलाल राम, संजय राव और धनंजय भारती मौके पर पहुंचे। उन्होंने भूमिहीन अनुसूचित जाति के लोगों के निर्माण को हटाए जाने की निंदा की। साथ ही शासन से ग्राम सभा की भूमि उपलब्ध कराने की मांग की।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार उदयराज रत्ना, एसआई छुन्ना सिंह और लेखपाल सौरभ पांडेय मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा थे।
