रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के मधुबन तहसील क्षेत्र में एक गंभीर घटना सामने आई है। ग्राम सभा भेड़कुल सुल्तानपुर के नौलगिया गांव में बाबा साहेब अंबेडकर की मूर्ति को तोड़ दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब तीन कुंतल वजनी यह मूर्ति 15 फीट की ऊंचाई पर स्थापित थी। एक-दो व्यक्तियों द्वारा इतनी भारी मूर्ति को नुकसान पहुंचाना संभव नहीं था। इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नई मूर्ति स्थापित करने का निर्णय लिया है। पूर्व प्रमुख चंद्रमणि यादव उर्फ गुड्डू ने मूर्ति की स्थापना का जिम्मा लिया है। जिला पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान ने स्थल के सुंदरीकरण की जिम्मेदारी ली है। इस मामले में विनय भीम आर्मी, बसपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव कुमार समेत कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
