रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के बैरिया थाना क्षेत्र में सोमवार की देर शाम पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। बाबा लक्ष्मण दास राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के मैदान से पुलिस ने एक लावारिस ई-रिक्शा से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है।
एसएचओ राकेश सिंह के अनुसार, बरामद शराब में 750 मिली की 10 बोतलें, 375 मिली की 6 बोतलें और 152 सीसी के 8 पीएम फ्रूटी शामिल हैं। यह ई-रिक्शा बिना नंबर प्लेट का था। पुलिस को शक तब हुआ जब देर शाम मैदान खाली होने के बाद भी एक ई-रिक्शा वहां खड़ा दिखा। जांच करने पर ई-रिक्शा से शराब बरामद हुई। एसएचओ ने बताया कि इस मैदान में आमतौर पर दिनभर बच्चे खेलते हैं और गाड़ी चलाना सीखते हैं।
पुलिस ने शराब लदे ई-रिक्शा को थाने में जमा कर लिया है। वाहन के मालिक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है।
