रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ के मधुबन स्थित शहीद अक्षयवर मल्ल महिला महाविद्यालय में मंगलवार को एक छात्रा ने कॉलेज की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। बहरामपुर निवासी 20 वर्षीय सलोनी दुबे बीए अंतिम वर्ष की छात्रा हैं।
घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। सलोनी रोज की तरह कॉलेज आई थी। अचानक वह दूसरी मंजिल की छत पर गई और वहां से कूद गई। इस घटना से कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई और अन्य छात्राएं भयभीत हो गईं। गंभीर रूप से घायल सलोनी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका मऊ में इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, सलोनी मंगलवार को घर से गुस्से में कॉलेज आई थी। संभवतः इसी गुस्से में उसने यह कदम उठाया। अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष से पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है।