रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के बांसडीह में सिंगही और कुसौरी गांव में आयोजित पीडीए चौपाल में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
चौधरी ने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था। यह वादा अब तक पूरा नहीं हुआ है। महंगाई कम करने का दावा करने वाली सरकार ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समुदाय की स्थिति पर चिंता जताई। उनका कहना था कि ये वर्ग आज भी विकास से वंचित है। गरीबों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। अगड़ी जातियों के गरीब लोगों के साथ भी भेदभाव हो रहा है।
चौधरी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को विफल बताया। उन्होंने कहा कि नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक है। किसानों को फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।
समाजवादी पार्टी के नेता ने कहा कि पार्टी अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने 2027 के चुनाव में जनता द्वारा सरकार को सबक सिखाने की बात कही। सभी वर्गों से एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में उदय बहादुर सिंह, बच्चा लाल फ़ौजी, चंद्रशेखर यादव, अरुण यादव सुनील मौर्या, प्रभात मौर्य, कन्हैया यादव, डॉ राजकुमार गौतम, श्याम सुन्दर भारती, दीपक पासवान, छितेश्वर गोंड, सुगापती चौहान, अर्जुन बसफोर, हीरालाल राम आदि रहे।

