रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। उत्तर प्रदेश बलिया के बेल्थरा रोड में एक बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। एक ठग ने एनआरआई खाताधारक का एटीएम कार्ड बदलकर 3.72 लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित को इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
विदेश में काम करने वाले ओमप्रकाश साह यूनियन बैंक में अपना एनआरई खाता रखते हैं। 12 मार्च को वह एटीएम में पिन कोड बनाने गए।
पिन नहीं बन पाने पर वहां मौजूद एक युवक ने मदद की। युवक ने वॉट्सऐप के जरिए पिन बनाया। बैंक क्लर्क ने बताया कि दो दिन में मैसेज आने लगेंगे।
इसके बाद ओमप्रकाश को सिर्फ एटीएम चार्ज के मैसेज आते रहे। 18 मार्च को बैंक जाकर पासबुक अपडेट कराने पर पता चला कि 7 दिनों में उनके खाते से 3,72,327 रुपए निकाल लिए गए हैं।
इस दौरान 23 बार एटीएम से पैसे निकाले गए और 8 बार ज्वैलरी की खरीदारी की गई। जानकारी मिलते ही ओमप्रकाश ने खाता फ्रीज करा दिया। उन्होंने बैंक की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि एटीएम चार्ज का मैसेज आ सकता है तो लेन-देन का मैसेज क्यों नहीं आया। पीड़ित ने बलिया के साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि इस ठगी में कौन-कौन शामिल है।

