चालक बच्चों से भरी बस को लेकर 10 किमी दूर स्कूल पहुंचा
रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। उत्तर प्रदेश मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल बस ने साइकिल से जा रहे छात्र को टक्कर मार दी। हादसे में 12 वर्षीय निखिल कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक छात्रों को लेकर सीधे स्कूल चला गया।
निखिल कुमार परिखापुर का रहने वाला था और कक्षा छठी का छात्र था। सुबह लगभग आठ बजे वह कॉपी-किताब खरीदने साइकिल से परिखापुर बाजार गया था। करीब एक घंटे बाद जब वह दोहरीघाट-मधुबन मार्ग पर था, तभी रसूलपुर की तरफ से आ रही मधुबन कस्बे के निजी स्कूल की बस ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी।
ग्रामीणों ने घायल निखिल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। निखिल अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। दोहरीघाट एसओ प्रमेंद्र सिंह ने स्कूल पहुंचकर बस और चालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में चालक ने कहा कि बस से साइकिल में किनारे से टक्कर लगी थी, जिसकी उसे जानकारी नहीं हुई। मृतक के पिता बृजेश यादव ने स्कूल बस चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
