रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। चित्रकूट के मऊ ब्लॉक में एक ग्राम विकास अधिकारी (सचिव) पर मजदूर से मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले का वीडियो भी सामने है। वीडियो में कुछ युवक एक मजदूर को पीटते दिख रहे हैं।
घटना मऊ ब्लॉक परिसर की है। आरोप है कि सचिव विश्वप्रधान मिश्रा और उनके साथियों ने छिपिया थाना मऊ निवासी बड़कू को पीटा। बड़कू ने सचिव के आवास पर कुछ काम किया था। उसकी बकाया मजदूरी मांगने पर यह घटना हुई।
बड़कू जब अपनी बकाया राशि लेने सचिव के पास गया, तो सचिव ने टालमटोल की। इस पर बहस हुई। आरोप है कि सचिव विश्वप्रधान मिश्रा अपने भाई और साथियों के साथ बड़कू पर टूट पड़े। ब्लॉक परिसर में ही उसकी पिटाई कर दी।
थाना प्रभारी विनोद कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्ष थाने आए थे। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
सचिव विश्वप्रधान का कहना है कि युवक नशे में था। वह सौ रुपए मांग रहा था। मना करने पर गाली-गलौज करने लगा और चाकू से हमला कर दिया। सचिव ने दावा किया कि उन्होंने आत्मरक्षा में पिटाई की।बीडीओ ओमप्रकाश यादव ने भी सचिव का बचाव किया। उन्होंने कहा कि युवक ने सचिव पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। हालांकि बीडीओ घटना के समय ब्लॉक में मौजूद नहीं थे।
