रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
बलिया। बलिया के बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता को जबरन ससुराल ले जाने के प्रयास में बड़ा बवाल हो गया। मामला रुकुनपुरा (मंझरिया) का है, जहां विवाहिता मधु देवी अपने मायके में रह रही थीं।
19 अप्रैल को विवाहिता के पति मुन्ना साहनी ने अपने भाई अमन को मायके भेजा। परिवार ने दो दिन बाद विदाई करने की बात कही। इससे नाराज होकर देवर अमन ने धमकी दी कि वह अगले दिन जबरन ले जाएंगे।
20 अप्रैल को ससुर ददन साहनी, देवर अमन साहनी और नीरज राय समेत करीब 10 अज्ञात लोग 5-7 बाइक पर सवार होकर चाकू, हॉकी और फाइटर रॉड लेकर मायके पहुंचे। आरोपियों ने पूरे परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान विवाहिता के भाई दीपक साहनी को इतना पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में दीपक को मऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

