रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
रायबरेली। रायबरेली के महराजगंज तहसील क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। नवरात्रि के पावन अवसर पर भी विद्युत विभाग की लापरवाही से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र में रोजाना सुबह 6 बजे से लेकर शाम तक अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। इससे लोगों को पीने के पानी के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। विभाग किसानों की फसलों का हवाला देकर बिजली कटौती कर रहा है। हालांकि, सुबह के समय हवा न चलने के बावजूद भी बिजली काटी जा रही है।
स्थानीय लाइनमैन चंद्रभान ने बताया कि बछरावां से बिजली कटौती की जा रही है। वे खुद भी दिनभर उपभोक्ताओं के फोन कॉल्स से परेशान हैं। विभाग की ओर से कटौती के बारे में कोई पूर्व सूचना नहीं दी जा रही है, जिससे लोगों को अपना दैनिक जीवन व्यवस्थित करने में कठिनाई हो रही है।
इस अव्यवस्था से क्षेत्र के अधिकांश गांवों में लोग त्रस्त हैं। नवरात्रि जैसे धार्मिक अवसर पर भी विद्युत विभाग की यह लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है।
