रिपोर्ट: प्रिंस प्रजापति
गोरखपुर। गोरखपुर के एक परिवार के लिए नवरात्र का त्योहार गम में बदल गया। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे बलिया के मनियर थाना क्षेत्र में नवका ब्रह्म स्थान पर एक चाचा-भतीजे की सरयू नदी में डूबकर मौत हो गई।
मृतकों की पहचान भीम पटेल (30 वर्ष) और वीरू पटेल (15 वर्ष) के रूप में हुई है। भीम पटेल अपनी भाभी सोनी देवी और भतीजे वीरू के साथ रविवार को गोरखपुर के चौरी चौरा से नवरात्र पूजा के लिए यहां आए थे।
मंगलवार सुबह तीनों रिगवन ककरघट्टा मठिया पर सरयू नदी में स्नान करने पहुंचे। स्नान के दौरान भीम और वीरू गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सोनी देवी की आंखों के सामने दोनों पानी में समा गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रत्नेश कुमार दुबे दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय मछुआरे हीरामन बिंद ने अपने जाल से दोनों के शव बरामद किए। पुलिस ने पंचनामा के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बलिया भेज दिया।
सोनी देवी ने बताया कि उनके पति विदेश में नौकरी करते हैं। घटना के समय पूर्व प्रधान देवेंद्र यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जेपी यादव, भाजपा नेता जितेंद्र साहनी और क्षेत्र पंचायत सदस्य केदार यादव सहित कई लोग मौके पर मौजूद रहे।
