रिपोर्ट : प्रिंस प्रजापति
मऊ। मऊ के विकासखण्ड फतहपुर मंडाव में स्कूल चलो अभियान की धूम रही। प्राथमिक विद्यालय दुबारी-1 के छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली। खण्ड शिक्षा अधिकारी श्याम सुंदर पटेल और ब्लॉक एआरपी राधेश्याम पाण्डेय के नेतृत्व में यह रैली आयोजित की गई।
छात्रों ने "पढ़ी लिखी नारी, घर घर की उजियारी" जैसे प्रेरक नारे लगाए। रैली विद्यालय से शुरू होकर गांव की गलियों से होते हुए वापस विद्यालय पहुंची। इस दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों से 6 से 14 वर्ष के बच्चों का स्कूल में नामांकन कराने की अपील की।विद्यालय में सभी आवश्यक सुविधाएं मौजूद हैं। इनमें पर्याप्त कक्षाएं, डेस्क-बेंच, पेयजल की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय और पंखे शामिल हैं। खण्ड शिक्षा अधिकारी ने नए प्रवेशी बच्चों का तिलक और पुष्प से स्वागत किया। साथ ही उन्हें कॉपी और पेन भी भेंट किए।
प्रभारी प्रधानाध्यापक बालमुकुंद पाण्डेय ने बताया कि 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है। सरकार की ओर से 'सब पढ़ें-सब बढ़ें' अभियान चलाया जा रहा है। इस दिन स्कूल में कुल 231 पंजीकृत छात्रों में से 188 उपस्थित रहे। विद्यालय के सभी 4 सहायक अध्यापक और 2 शिक्षामित्र भी मौजूद रहे।
कक्षावार उपस्थिति इस प्रकार रही पहली कक्षा में 21 में से 21, दूसरी में 40 में से 33, तीसरी में 48 में से 40, चौथी में 68 में से 50 और पांचवीं कक्षा में 54 में से 44 छात्र उपस्थित थे।
